गाजीपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली द्वारा आयोजित री-नीट यूजी परीक्षा-2026 जनपद गाजीपुर में रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं पारदर्शी प्रबंधन के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरे समय सतर्क एवं सक्रिय रहे।
परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से एम.ए.एच. इंटर कॉलेज तथा डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का परीक्षण किया। जनपद में री-नीट यूजी परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए दो जोनल अधिकारियों, सात ड्यूटी मजिस्ट्रेटों तथा सात केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी। परीक्षा में पंजीकृत 3,318 अभ्यर्थियों में से 3,059 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 259 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र होने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी सतत निगरानी रखी गई ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित गतिविधि को तत्काल रोका जा सके। जिला प्रशासन की सतर्कता एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते री-नीट यूजी परीक्षा-2026 जनपद गाजीपुर में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।