गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि योजना के तहत वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण किया हो, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम हो तथा आयु 35 वर्ष से अधिक न हो। अभ्यर्थी जनपद का मूल निवासी, बेरोजगार तथा किसी अन्य शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी www.obccomputertraining.upsdc.gov.in अथवा backwardwelfareup.in वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर आय एवं जाति प्रमाण पत्र, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रतियों सहित दो सेट में कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर में 10 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक जमा करना होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज समस्त सूचनाओं की शुद्धता एवं सत्यता की जिम्मेदारी संबंधित अभ्यर्थी की होगी। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क किया जा सकता है।