गाजीपुर। विकास खंड बिरनों के ग्राम पंचायत पिरथीपुर (अराजी ओड़ासन) स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व संबंधी कार्य, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं का विशेष अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। साथ ही अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्राम चौपाल में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी राजन राय ने किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।