गाजीपुर। जिला खेल कार्यालय गाजीपुर के तत्वावधान में जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की तैराकी प्रतियोगिता के लिए प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल्स का आयोजन 25 जून 2026 को किया जाएगा। ट्रायल्स का आयोजन प्रातः 10 बजे से नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार, गाजीपुर में होगा।
जिला खेल विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टि 25 जून को प्रातः 9 बजे तक जमा कर सकते हैं। प्रतिभागियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग-1 के अंतर्गत वर्ष 2008 एवं 2009 में जन्मे 17 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी तथा जूनियर वर्ग-2 में वर्ष 2010 एवं 2011 में जन्मे 15 से 16 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। चयन ट्रायल्स में फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक एवं व्यक्तिगत मेडले सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा फ्री स्टाइल रिले और मेडले रिले प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। खेल विभाग ने जनपद के इच्छुक एवं प्रतिभावान तैराकों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन ट्रायल्स में भाग लेने की अपील की है।