गाजीपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान के अंतर्गत चिन्हित पांच थाना क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ दुर्घटना रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।nबैठक में सैदपुर, नंदगंज, कोतवाली, मरदह और कासिमाबाद थाना क्षेत्रों के सीसी टीम प्रभारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान दुर्घटना संभावित स्थानों पर अवैध पार्किंग, अवैध कट, रॉन्ग साइड आवागमन एवं अन्य जोखिम वाले स्थलों का चिन्हांकन कर उनमें सुधारात्मक कार्रवाई कराने तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को 1.5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक विक्टिम आईडी जनरेट की जाए, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके। बैठक में राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन को इस योजना की जानकारी दी जाए, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसकी जान बचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार प्रदान किया जाता है। अपर पुलिस अधीक्षक ने जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात अशेषनाथ एवं यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।