गाजीपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से बिरनो टोल प्लाजा पर शनिवार को विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 135 वाहनों का चालान कर कुल 3.42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं थाना प्रभारी बिरनो ने किया। इसके लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया था। अभियान के दौरान मुख्य रूप से शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंक एंड ड्राइव), प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 22 वाहनों का प्रेशर हॉर्न और 10 वाहनों का एचएसआरपी नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन में चालान किया गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की गई।