जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बरूईन गांव स्थित नहर में सोमवार सुबह 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे ग्रामीणों तथा मृतक के चचेरे भाई रविंद्र राम ने नहर में शव पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान बरूईन गांव निवासी संतोष उर्फ नेऊर राम (35), पुत्र स्वर्गीय अर्जुन राम के रूप में हुई। ग्रामीणों के अनुसार संतोष नशे का आदी था। आशंका है कि वह रविवार रात या सोमवार तड़के नशे की हालत में नहर के किनारे गया होगा, जहां पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से पानी में गिरकर उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होने की बात कही है। ग्रामीणों ने बताया कि संतोष अविवाहित था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।