गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के निर्वतन कक्ष में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एक जुलाई से शुरू होने वाले अभियान की तैयारियों और अब तक की गई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले इलाकों में साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा गंदगी मुक्त वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर देने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। बैठक में उन्होंने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, कृषि, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग तथा जिला सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।