गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने चर्चित विनीत राय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 365/2026 (धारा 103(1), 191(2), 3(5) एवं 61(2) बीएनएस) में जांच के दौरान प्रकाश में आए गौसाबाद निवासी सुमित पांडेय (23) और सत्यप्रकाश पांडेय उर्फ मुनि (20) को रविवार को गिरफ्तार किया गया। यह मामला बिंदू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या से संबंधित है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज इसी मुकदमे में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह तथा खुदाईपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।