गाजीपुर। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा बीज वितरण के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा, कोदो, सांवा तथा मडुवा (रागी) के बीज मिनीकिट किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि यदि प्राप्त आवेदन निर्धारित लक्ष्य से अधिक होंगे तो पात्र किसानों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने जनपद के किसानों से अपील की कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं और दलहन, तिलहन तथा मोटे अनाज की खेती को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि विविधीकरण को भी बढ़ावा दें।