जमानियां, गाजीपुर। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकास खंड मुख्यालय पर मंगलवार को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक आयोजित की गई। खंड विकास अधिकारी महेंद्र सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांवों में निर्माणाधीन पानी की टंकियों के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी प्रशिक्षित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी जाएगी। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की स्कूल ड्रेस की सिलाई का कार्य भी स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं को नियमित रोजगार मिल सके। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने बताया कि मछली पालन के क्षेत्र में महिलाओं को बढ़ावा देने के लिए पात्र महिलाओं के नाम पर तालाबों का पट्टा आवंटित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नई योजना ‘एयिरेशन सिस्टम की स्थापना’ के तहत सघन मत्स्य पालन के लिए अनुदान दिया जाएगा। इसका लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनके नाम पर पट्टे का तालाब हो और पट्टे की अवधि कम से कम पांच वर्ष शेष हो। इच्छुक महिलाएं सितंबर तक विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। एसडीएम ने कहा कि जमानियां क्षेत्र मछली पालन की दृष्टि से काफी संभावनाओं वाला क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में लोग तालाब आधारित मत्स्य पालन कर रहे हैं और महिलाओं की भागीदारी से इस क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर विकसित होंगे। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार, दिग्विजय कुमार, उमेंद्र सिंह, उर्दू बाबू वाजहतुल्ला सिद्दीकी, दिनेश कुमार, सुषमा देवी सहित ब्लॉक क्षेत्र की बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।