गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अष्ट शहीद इंटर कॉलेज तथा डॉ. एम. ए. अंसारी इंटर कॉलेज, यूसुफपुर मोहम्मदाबाद में तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और मेडिकल टीम की उपलब्धता का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। साथ ही कक्ष निरीक्षकों से बैठक कर परीक्षा संचालन संबंधी प्रशिक्षण और तैयारियों की समीक्षा करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाए तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी कार्मिकों को समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि में केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी अफवाह या अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाए और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति न दी जाए। गौरतलब है कि जनपद में 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली यूपीटीईटी-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।