जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बड़ेसर गांव में एक महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर उसके जेठ और जेठानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बड़ेसर गांव निवासी रेखा देवी ने तहरीर में बताया कि 3 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे वह अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर उनके जेठ दिनेश यादव और जेठानी इंदू देवी गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि उनके पति घर से बाहर रहते हैं और वह घर पर अकेली रहती हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अक्सर उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। प्रभारी निरीक्षक राम सज्जन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।