जमानिया। सात दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जमानिया पुलिस ने शुक्रवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 21 वाहनों का चालान किया गया, जबकि चार वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जमानिया पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।