गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गुमशुदा 12 वर्षीय बच्चे को मात्र चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यवाही की परिजनों ने सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस के अनुसार शनिवार को जाकिर अंसारी (12), पुत्र मोहम्मद जावेद अंसारी, निवासी थाना गहमर, भदौरा रेलवे स्टेशन के पास लावारिस अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर गहमर पुलिस ने बच्चे को अपनी अभिरक्षा में लेकर उसकी पहचान सुनिश्चित की और आवश्यक प्रयासों के बाद महज चार घंटे के भीतर उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें बुलाया। सत्यापन के उपरांत पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिवार ने गहमर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसके कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।