गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत शनिवार को जनपद गाजीपुर के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर महिलाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी उपायों तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील भी की। वहीं, जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी गई और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।