गाजीपुर। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए बिरनो टोल प्लाजा पर रविवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार एवं थानाध्यक्ष बिरनो ने किया। इसके लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया। चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए एक चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 12 वाहनों तथा एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों का चालान किया गया।पूरे अभियान के दौरान कुल 156 वाहनों का चालान करते हुए लगभग 3.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस ने बताया कि यह अभियान मुख्य रूप से ड्रंकन ड्राइविंग, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और एचएसआरपी नंबर प्लेट संबंधी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।