गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पी.जी. कॉलेज), गाजीपुर में स्नातक वाणिज्य (बी.कॉम) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रवेश के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थी 7 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन प्रवेश आवेदन पत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थियों को आवश्यक मूल अभिलेखों के साथ 9 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक वाणिज्य विभाग में काउंसलिंग समिति के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज जमा करने होंगे। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पत्र एवं प्रवेश शुल्क जमा नहीं करने पर संबंधित सीट रिक्त मान ली जाएगी। इसके बाद रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची अथवा सूची से बाहर के पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय ने डिजिटल इंडिया और पूर्ण पारदर्शिता की नीति के तहत ऑनलाइन काउंसलिंग व्यवस्था लागू की है, जिससे अभ्यर्थी घर बैठे ही पूरी प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कर सकते हैं। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अभिभावकों से अपील की कि वे समय रहते अपने पाल्यों का ऑनलाइन आवेदन भरवाकर आवश्यक मूल अभिलेखों सहित काउंसलिंग समिति के समक्ष प्रस्तुत कराने में सहयोग करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी हो सके।