गाजीपुर। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के लिए खेत तालाब निर्माण योजना शुरू की गई है। भूमि संरक्षण अधिकारी श्रीमती निरूपमा सिंह ने बताया कि जनपद को सामान्य वर्ग के किसानों के लिए 10 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए 2 खेत तालाब का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को सबसे पहले विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद लाभार्थियों का चयन ऑटो कन्फर्म अथवा ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। योजना के तहत खेत तालाब निर्माण के लिए कुल लागत 1.05 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें किसानों को 50 प्रतिशत यानी 52,500 रुपये का अनुदान दो किस्तों में दिया जाएगा। पहली किस्त देय अनुदान का 75 प्रतिशत खेत तालाब की निर्धारित मानक (20×22×3 मीटर) के अनुसार खुदाई पूर्ण होने के बाद तथा दूसरी किस्त 25 प्रतिशत पक्के इनलेट के निर्माण के उपरांत भूमि संरक्षण अधिकारी के सत्यापन के बाद जारी की जाएगी। भूमि संरक्षण अधिकारी ने बताया कि अनुदान प्राप्त करने से पूर्व किसानों को सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली (माइक्रो इरिगेशन) अपनाना अनिवार्य होगा। इसके लिए किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल पर अलग से पंजीकरण कराना होगा।