गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को निशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण किया हो, परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम हो, आयु 35 वर्ष से अधिक न हो, जनपद का मूल निवासी एवं बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो। प्रशिक्षणार्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी www.obccomputertraining.upsdc.gov.in अथवा backwardwelfareup.in पर 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी दो प्रतियों में आवश्यक अभिलेखों—आय एवं जाति प्रमाणपत्र (बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की वेबसाइट पर उपलब्ध), हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका व प्रमाणपत्र तथा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 10 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजीपुर में जमा करनी होगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियों की शुद्धता की जिम्मेदारी स्वयं आवेदक की होगी। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क किया जा सकता है।