गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव से लापता चार वर्षीय बालक का शव बुधवार को उसके घर के समीप मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के संबंध में पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को गोड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा ने अपने चार वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना थाना भांवरकोल में दी थी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश की जा रही थी।बुधवार को बालक के पिता ने घर के पास ही बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा शीघ्र ही मामले का सफल खुलासा किए जाने की संभावना है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।