गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत बुधवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान आमजन से संवाद कर महिला सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। वहीं जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध एवं मनचलों पर नजर रखी गई तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।