गाजीपुर। जनपद के अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय, गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभार्थियों के परिजनों को बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बैंक के अंचल प्रमुख (वाराणसी) टी. कामेश्वर राव ने उप अंचल प्रमुख के.डी. गुप्ता, क्षेत्र प्रमुख विनय शंकर, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार तथा अन्य बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। इस अवसर पर बताया गया कि भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराती है। इन योजनाओं का उद्देश्य कम प्रीमियम में आम नागरिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। बैंक अधिकारियों ने अधिक से अधिक पात्र लोगों से इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने और समय पर नामांकन कराने की अपील की।