गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मासिक किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में उप कृषि निदेशक विजय कुमार, कृषि विभाग के अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों ने सिंचाई, बिजली, उर्वरक, बीज, पशुपालन, नहरों, कृषि ऋण तथा अन्य कृषि संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
किसानों ने कृषि यंत्रों की टोकन धनराशि के भुगतान, सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता, सिंचाई के लिए नहरों में पानी, जर्जर विद्युत तारों के परिवर्तन, ट्रांसफार्मर बदलने, ट्यूबवेल की मरम्मत, पशुओं के टीकाकरण एवं टैगिंग, केसीसी बनाने तथा पेट्रोल पंप पर किसानों को ईंधन उपलब्ध कराने जैसी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने, आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही कृषि विभाग को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा फसल विविधीकरण के प्रति किसानों को नियमित रूप से जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने बताया कि कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष में चार से पांच बार कृषि यंत्रों की बुकिंग का अवसर मिलेगा। सूखे की आशंका को देखते हुए उन्होंने किसानों को धान जैसी अधिक पानी वाली फसलों के स्थान पर ज्वार, बाजरा, मक्का, तिल, सांवा, कोदो और रागी जैसी कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इन फसलों के उन्नत बीज कृषि विभाग के निवेश केंद्रों पर उपलब्ध हैं। उप कृषि निदेशक ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने की भी अपील करते हुए बताया कि पिछले वर्ष जनपद के 6,448 किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुई फसल क्षति के एवज में 4.31 करोड़ रुपये का बीमा दावा प्राप्त हुआ था। उन्होंने खरीफ फसलों के लिए निर्धारित प्रीमियम की जानकारी भी किसानों को दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, राजस्व, सहकारिता, गन्ना, मत्स्य एवं कृषि रक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।