गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मत्स्य पालक विकास अभिकरण ने बताया कि विभागीय पोर्टल को 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पुनः आवेदन के लिए खोला गया है।
विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष, आइस बॉक्स प्रोजेक्ट के साथ मोपेड योजना, मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा।योजनाओं की परियोजना लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में शासन स्तर से किसी प्रकार का संशोधन होने पर संशोधित प्रावधान लागू होंगे। पूर्व वर्षों में निरस्त अथवा प्रतीक्षारत आवेदन वाले अभ्यर्थी भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में मत्स्य पालक विकास अभिकरण, विकास भवन, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।