गाजीपुर। किसानों को कम्बाइन हार्वेस्टर की मरम्मत एवं रखरखाव की स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, रहमानखेड़ा के अधीन संचालित राज्य स्तरीय फार्म मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान में मैकेनिकों एवं ऑपरेटरों के लिए 30 दिवसीय निःशुल्क आवासीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए जनपद के प्रत्येक विकास खंड से एक-एक अभ्यर्थी का चयन किया जाएगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण होना अथवा कृषि इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा, इंजीनियरिंग में स्नातक या कृषि इंजीनियरिंग में स्नातक होना आवश्यक है। हाईस्कूल उत्तीर्ण ऐसे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें कृषि यंत्रों की मरम्मत का कम से कम एक वर्ष का अनुभव हो। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। पात्र अभ्यर्थियों का चयन विभागीय समिति द्वारा किया जाएगा।इच्छुक अभ्यर्थी 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, निवास प्रमाण पत्र तथा हाईस्कूल प्रमाण पत्र सहित आवश्यक अभिलेखों के साथ किसी भी कार्य दिवस में उप कृषि निदेशक कार्यालय, गाजीपुर में आवेदन जमा कर सकते हैं।