गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा सोमवार को आदर्श प्राइवेट आईटीआई, हेतिमपुर (जमानियां) में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।
रोजगार मेले में विजन इंडिया के सहयोग से हिंडालको, एमआरएफ टायर्स, सुब्रोस, यूनिपार्ट्स, ग्लोबल ऑटो टेक, ग्लोबल एल्यूमिनियम, एवरी डेनिशन, स्नाइडर इलेक्ट्रिक तथा टाटा मोटर्स सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। मेले में लगभग 400 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से विभिन्न पदों के लिए 284 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन चरण (फाइनल राउंड) हेतु चयन किया गया। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ना है।