गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के लगभग 50 विद्यालयों के प्रबंधकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानकों को पूरा किए बिना किसी भी विद्यालयी वाहन का संचालन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं यातायात पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर अनफिट, बिना परमिट तथा मानकों के विपरीत संचालित विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही निजी वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के माध्यम से विद्यार्थियों के अवैध परिवहन पर भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि परिवहन नियमों का पालन न करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध उनकी मान्यता के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। तहसीलवार विद्यालयों की सूची तैयार कर नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विद्यालयी वाहनों की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि अप्रैल से 15 जुलाई तक जनपद के 286 विद्यालयों ने अपने विद्यालयी वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त कराया है, जबकि 86 विद्यालयों ने वाहनों का परमिट बनवाया है। जिलाधिकारी ने शेष विद्यालयों को भी शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।