गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद गाजीपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं और आम नागरिकों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी तथा मिशन शक्ति के उद्देश्यों से अवगत कराया। लोगों को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और सुरक्षा उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया। वहीं जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध एवं मनचलों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।पुलिस प्रशासन ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।