जमानिया/भुड़कुड़ा। भुड़कुड़ा पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक किशोर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छिनैती का मोबाइल फोन तथा 15 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को थाना क्षेत्र के कुडिला पुलिया के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने जाही गांव निवासी आर्यन यादव से मोबाइल व नकदी छीन ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना भुड़कुड़ा में मुकदमा संख्या 146/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंझरिया क्रॉसिंग के पास से अलीपुर मदरा निवासी 23 वर्षीय मोनू पुत्र अमरनाथ तथा एक 16 वर्षीय किशोर को अभिरक्षा में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छिनैती में लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध भुड़कुड़ा एवं नंदगंज थाने में छिनैती के अन्य मामले भी दर्ज हैं। प्रभारी पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक मोहम्मद सैफ, उपनिरीक्षक शिवराज सिंह यादव, हेड कांस्टेबल जय सिंह, कांस्टेबल राजेश कुमार तथा आरक्षी राज पटेल शामिल रहे।