गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में आयोजित भूजल सप्ताह-2026 के पांचवें दिन जनपद में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों और आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जल संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। जिला उद्यान अधिकारी के नेतृत्व में किसानों को सूक्ष्म सिंचाई (माइक्रो इरिगेशन) तकनीकों, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, जल के दक्ष उपयोग तथा कम पानी में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी गई। किसानों से आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाकर जल संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया गया।
वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जल संरक्षण विषय पर गोष्ठियों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं को वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व से अवगत कराया गया और जल बचाने का संकल्प दिलाया गया। इसी क्रम में लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंताओं ने विकास खंड रेवतीपुर, सैदपुर, सादात और देवकली में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के सतत उपयोग के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील भी की गई। अधिकारियों ने कहा कि भूजल सप्ताह के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना तथा समाज में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।