गाजीपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा युवाओं को नशा एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और “नशा मुक्त भारत” के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा 22 जुलाई 2026 तक माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी पसंद की किसी एक प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक (स्ट्रीट प्ले), रील मेकिंग एवं शॉर्ट फिल्म, संगीत एवं रैप, नृत्य, चित्रकला, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद/भाषण तथा स्लैम पोएट्री जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसके तहत नशा मुक्त मित्र, युवा क्लबों का गठन, जागरूकता कार्यक्रम, खेल गतिविधियां, विशेषज्ञ व्याख्यान, ग्राम स्तरीय नशा मुक्त संकल्प सभाएं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।मेरा युवा भारत, गाजीपुर ने जनपद के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने और समय से पंजीकरण कर नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक युवा फतेहपुर सिकंदर (फूलनपुर) स्थित मेरा युवा भारत जिला कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।