गाजीपुर। जनपद में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के तहत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने राइफल क्लब परिसर से टीकाकरण टीमों की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही ने बताया कि 5 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले की गाय एवं भैंस सहित 6 लाख 19 हजार 400 पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी 16 विकास खंडों में 48 टीमें गठित की गई हैं, जो गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका पशुओं में फैलने वाला अत्यंत संक्रामक रोग है। संक्रमित पशु को बुखार आने के साथ मुंह और खुरों में छाले पड़ जाते हैं, जिससे वह चारा और पानी लेने में असमर्थ हो जाता है। समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की रोकथाम संभव है। पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। विभाग द्वारा अभियान की पूर्व सूचना पशुपालकों तक पहुंचाई जाएगी तथा पूरे अभियान की नियमित निगरानी भी की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि चार माह से कम आयु के बछड़ों तथा आठ माह से अधिक गर्भित पशुओं को एफएमडी का टीका नहीं लगाया जाएगा, जबकि अन्य सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण निःशुल्क किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, जनपद के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी तथा मोबाइल वेटनरी यूनिट के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।