गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पदों पर चयन के लिए पूर्व में जारी विज्ञप्ति में संशोधन किया गया है। अब प्रदेश के आठ जनपदों में अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत के पदों पर नियुक्ति के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व में 17 जुलाई 2026 को जारी विज्ञप्ति में त्रुटिवश गौतमबुद्ध नगर को भी चयनित जनपदों की सूची में शामिल कर दिया गया था। संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार अब केवल आजमगढ़, बलरामपुर, महोबा, संतकबीर नगर, पीलीभीत, अलीगढ़, एटा और मथुरा जनपदों में अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत के पदों के लिए चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, 4/7 गोमती नगर विस्तार, लखनऊ को भेजना होगा। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। संशोधित विज्ञप्ति एवं आवेदन प्रारूप की प्रतियां जनपद न्यायालय गाजीपुर के नजारत अनुभाग, जिलाधिकारी कार्यालय, सिविल बार एसोसिएशन तथा कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई हैं। साथ ही जनपद न्यायालय गाजीपुर की वेबसाइट पर भी इसे अपलोड किया गया है।