गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को विकास खंड जखनियां स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सादात का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं, भोजनालय, रसोईघर, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास, स्वास्थ्य तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासन बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है, जिनका लाभ उठाकर वे अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, छात्रावास की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्राओं को सभी सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से मिल सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय की वार्डेन, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।