जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हरबल्लभपुर गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक कीमती गर्भवती भैंस चोरी कर ली। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरबल्लभपुर निवासी वीरेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने हाल ही में दो लाख 20 हजार रुपये में मुर्रा नस्ल की गर्भवती भैंस खरीदी थी। मंगलवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर उनके दरवाजे से भैंस खोलकर ले गए। चोरी गई भैंस काले रंग की है और उसके सींग मुड़े हुए हैं। बुधवार सुबह भैंस के गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर भैंस की बरामदगी की मांग की। उन्होंने बताया कि भैंस की पहचान के लिए उसके फोटो भी उनके मोबाइल में उपलब्ध हैं।प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।