जमानिया। कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। कई दिनों से जारी भीषण उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से बड़ी राहत मिली। हालांकि, तेज बारिश के कारण नगर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। शाम करीब चार बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो लगभग आधे घंटे तक लगातार होती रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम खुशनुमा हो गया। इस दौरान बच्चे बारिश का आनंद लेते नजर आए। बारिश के चलते नगर की कई प्रमुख सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पानी भर गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। खरीफ सीजन की फसलों के लिए यह वर्षा अत्यंत लाभकारी मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि पानी की कमी के कारण अब तक खरीफ फसलों की बुआई की रफ्तार धीमी थी, लेकिन बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे बुआई में तेजी आएगी। साथ ही मक्का, मूंगफली और अरबी जैसी फसलों को भी इस वर्षा से लाभ मिलेगा।