गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर की पहल पर शनिवार को पांच दंपतियों के बीच लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। आपसी मतभेद दूर होने के बाद सभी दंपतियों ने राजी-खुशी साथ रहने की सहमति जताई और उनकी विदाई कराई गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में पति-पत्नी विवाद से संबंधित कुल 43 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें पांच मामलों में दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इसके अलावा आठ मामलों में आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि 12 मामलों में पक्षकारों को विधिक परामर्श देकर प्रकरण का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में सहमति नहीं बनने पर अगली तिथि निर्धारित की गई। परामर्श प्रक्रिया में काउंसलर विक्रमादित्य मिश्र, वीरेंद्र नाथ राम, कमरुद्दीन, मनोरमा राय, पूजा श्रीवास्तव, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू मिश्रा तथा महिला आरक्षी रागिनी चौबे, संध्या और अभिलाषा सहित अन्य कर्मियों ने सहयोग किया।