गाजीपुर। विकास खंड मरदह के कुसेहरा स्थित वृहद गोसंरक्षण केंद्र का सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने लखनऊ स्थित पशुपालन निदेशालय से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया।
स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मरदह श्रीमती सीता सिंह, ग्राम प्रधान रमाकांत यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, खंड विकास अधिकारी सुवेदिता सिंह तथा कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता रवि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हवन-पूजन के साथ केंद्र का शुभारंभ किया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा लगभग ₹1.612 करोड़ की लागत से 1.214 हेक्टेयर भूमि पर इस वृहद गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण कराया गया है। केंद्र में 400 निराश्रित गोवंशों के संरक्षण की क्षमता है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा यहां 100-100 गोवंशों की क्षमता वाले चार शेड, भूसा गोदाम, कार्यालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि लोकार्पण के बाद गोसंरक्षण केंद्र का संचालन चयनित संस्था या संगठन द्वारा किया जाएगा। इसके लिए संबंधित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एमओयू करना होगा। निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार संस्था तीन वर्षों तक केंद्र का संचालन करेगी तथा संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण के लिए शासन द्वारा निर्धारित धनराशि प्रतिमाह उपलब्ध कराई जाएगी।