गाजीपुर। थाना कासिमाबाद पुलिस ने अपहरण के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक मोहम्मद अतहर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना कासिमाबाद में पंजीकृत मुकदमा संख्या 363/2025, धारा 137(2)/87 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त रजनीश कुमार को सलामतपुर दुर्गा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रजनीश कुमार (25 वर्ष), पुत्र तिलेश्वर राम, निवासी ग्राम सिधउत, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि युवती को चिकित्सीय परीक्षण तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 180 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए महिला पुलिसकर्मी के सुपुर्द किया गया है। वहीं अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।