गाजीपुर। श्रावण मास पर्व एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने थाना मरदह क्षेत्र स्थित महाहर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा एवं मेले के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर एवं मेला परिसर में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने खोया-पाया केंद्र, सीसीटीवी कैमरों से संचालित कंट्रोल रूम, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।