गाजीपुर। जनपद के युवाओं के लिए रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा का दायरा बढ़ाते हुए कासिमाबाद तहसील के अंतर्गत जहूराबाद में प्रवेश सत्र 2026 से नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह जानकारी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने दी।उन्होंने बताया कि व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज (लखनऊ) के निर्देशानुसार प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक विभाग की वेबसाइट http://www.scvtup.in पर आवेदन कर सकते हैं।
नए संस्थान में फिटर, विद्युत (इलेक्ट्रिशियन), मैकेनिक आरएसी (रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग), कोपा (COPA), मशीनिस्ट, वेल्डर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेडों में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।ऑनलाइन आवेदन के लिए सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये, जबकि सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है, तो उसके संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को 48 घंटे (दो दिन) का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की अपील की।