जमानियां। शासन एवं विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार रविवार को स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नशा मुक्ति अभियान से संबंधित संदेश का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने गंभीरता से सुना। संदेश से प्रेरित होकर विद्यार्थियों में नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें, तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया। वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा ‘शास्त्री’, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, डॉ. सुनील कुमार चौधरी एवं डॉ. अमित कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को हर प्रकार के नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने की सामूहिक शपथ ली।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया।