जमानियां। कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पहला हादसा कोतवाली क्षेत्र के दौदही गांव के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने जमानियां की ओर जा रहे साइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मृतक की पहचान दिलदारनगर थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी उत्तम उर्फ गोलू गुप्ता (24) पुत्र मनोज उर्फ मुन्ना गुप्ता के रूप में हुई। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और घर पर रहकर परिवार का सहयोग करता था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दूसरा हादसा कोतवाली क्षेत्र के बरेसर गांव के समीप हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिहार राज्य के नुआंव गांव निवासी सूरज कुमार डोम (25) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों बाइक सवार एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है तथा दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।