गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित पूर्वदशम (कक्षा-9 एवं 10) तथा दशमोत्तर (कक्षा-11 एवं 12) छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संस्था स्तर पर प्रोफाइल लॉक करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिक्षण संस्थाओं द्वारा प्रोफाइल लॉक करने की अंतिम तिथि को 05 अगस्त 2026 से बढ़ाकर 08 अगस्त 2026 तक कर दिया गया है। साथ ही, संस्था द्वारा मास्टर डाटा तैयार किए जाने की निर्धारित तिथि भी 22 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 08 अगस्त 2026 तक विस्तारित की गई है। उन्होंने जनपद की समस्त शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अपनी संस्था का प्रोफाइल लॉक कराना सुनिश्चित करें, जिससे पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ समय से प्राप्त हो सके।