गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं शोहदों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई। गाजीपुर पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।