जमानिया। नगर पालिका परिषद द्वारा गृहकर में कथित तौर पर अप्रत्याशित वृद्धि किए जाने को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त है। सोमवार को वार्ड संख्या 18 के सभासद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में सभासदों एवं स्थानीय नागरिकों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गृहकर में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की।उपजिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के मकान टैक्स में मनमाने ढंग से वृद्धि कर दी गई है। सभासदों का दावा है कि पूर्व निर्धारित दर की तुलना में गृहकर को कई गुना तक बढ़ाया गया है। उदाहरण देते हुए बताया गया कि जिस मकान का वार्षिक टैक्स पहले 100 रुपये था, उसे बढ़ाकर 1200 रुपये वार्षिक कर दिया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कर में वृद्धि से पहले नगरवासियों को न तो कोई लिखित सूचना दी गई और न ही नोटिस जारी किया गया। बिना पूर्व सूचना के बढ़ाए गए गृहकर को लेकर नागरिकों में असंतोष है। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि गृहकर में की गई वृद्धि की समीक्षा कर इसे तत्काल वापस लिया जाए। सभासदों एवं नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ा हुआ गृहकर तत्काल वापस नहीं लिया गया तो सभी सभासद एवं स्थानीय नागरिक नगर पालिका परिषद के प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान सुमंत सिंह, विकास, मो. सलीम, राकेश कुमार जायसवाल, योगेश कुमार गुप्ता, सुनील कुमार, बबलू गुप्ता, अतुल कुमार गुप्ता, रामभरोसे, विंध्याचल शर्मा, सुनील जायसवाल, विनोद कुमार जायसवाल, राजू जायसवाल, नईमुद्दीन अली, कुणाल आनंद, शेखर जायसवाल, संजीव जायसवाल, गुलाब प्रसाद केशरी, रविकांत उपाध्याय, गोपाल जी, अभिषेक जायसवाल, सोनू उपाध्याय एवं धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।