जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित बाईपास सड़क पर पूर्व नगीना पैलेस के पास सोमवार की शाम अचानक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के कस्बा बाजार निवासी उदय नारायण रावत (50) सोमवार को मोटरसाइकिल से बिहार से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 3:30 बजे जैसे ही वह स्टेशन बाजार के बाईपास मार्ग पर पूर्व नगीना पैलेस के पास पहुंचे, इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल उदय नारायण रावत को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।