गाजीपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन वाराणसी के गाजीपुर आगमन पर पुलिस कार्यालय में सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। एडीजी ने सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार करने के बाद पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की मौजूदगी में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने आंकिक शाखा, डीसीआरबी, वाचक कार्यालय, शिकायती प्रार्थना पत्र शाखा, आईजीआरएस सेल, एलआईयू और प्रधान लिपिक कार्यालय समेत अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयीय पत्रावलियों, रजिस्टर एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी और सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। एडीजी ने आईजीआरएस पोर्टल एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा एवं सम्मान पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा महिला हेल्पलाइन एवं महिला डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद एडीजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।