गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गाजीपुर पुलिस ने विशेष यातायात अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 5172 वाहनों की जांच की, जिसमें 635 वाहनों का चालान करते हुए कुल 9.09 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। छह वाहनों को सीज भी किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से जनपद गाजीपुर को ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दो आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन (रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल) उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से तेज गति से वाहन चलाने वालों की निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ओवरस्पीडिंग के 52, बिना हेलमेट के 347 और रांग साइड के 4 चालान किए गए। वहीं वायु प्रदूषण से संबंधित एक चालान भी किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।